पिथौरागढ़। बिण बीईओ के खिलाफ कार्रवाई न होने से आक्रोशित शिक्षा विभाग के मिनिस्टीरियल कर्मियों ने अपने-अपने कार्यालयों के आगे प्रदर्शन किया। उन्होंने बांह में काला फीता बांधकर प्रशासन और शिक्षा विभाग के खिलाफ आक्रोश जताया। कहा कि महिला कार्मिकों का उत्पीड़न करने वाले बीईओ के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। जब तक संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई कर इनका जिले से बाहर स्थानांतरण नहीं किया जाता वे चुप नहीं बैठेंगे।
मुख्य और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के साथ ही बिण, मूनाकोट, कनालीछीना, डीडीहाट, धारचूला, मुनस्यारी, गंगोलीहाट और बेड़ीनाग खंड शिक्षा कार्यालय में तैनात मिनिस्टीरियल कर्मियों ने प्रदर्शन करते हुए बीईओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि महिला कर्मियों का उत्पीड़न और उनके साथ दुर्व्यवहार करने वाले बिण विकासखंड के बीईओ के खिलाफ कार्रवाई न होना दुर्भाग्यपूर्ण है। महिलाओं के प्रति गलत आचरण करने वाले अधिकारियों को जिले में रहने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से हर मिनिस्टीरियल कर्मी बीईओ के खिलाफ कार्रवाई और इनका जिले से बाहर स्थानांतरण करने की मांग कर रहे हैं।
विभाग कोई कार्रवाई न कर इन्हें बचाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि विभागीय जांच से बचने के लिए संबंधित बीईओ चिकित्सा अवकाश पर चले गए हैं। चेतावनी देते हुए कहा यदि जल्द ही बीईओ के खिलाफ उचित कार्रवाई कर इनका स्थानांतरण जिले से बाहर नहीं किया गया तो वे पूर्ण रूप से कार्य बहिष्कार करते हुए सड़कों पर उतरेंगे। मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रदर्शन करने वालों में एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष कमल किशोर, सचिव पंकज सिंह खोलिया, हरीश सेठी, कैलाश पांडे, ज्योति पांडे, त्रिभुवन खोलिया, सौरभ चंद, विक्रम नेगी, नवीन पाठक, संजीव कोहली, प्रभुनारायण, राजेश बोरा, धीरज परिहार, उमेद बसेड़ा, पंकज दशौनी, दीपा सेठी, ललिता पांगती आदि रहे।