लोहाघाट (चंपावत)। नेपाल सीमा से लगे पीएमश्री जीआईसी दिगालीचौड़ में शिक्षक-अभिभावक संघ की बैठक में दूरस्थ गांवों से आने वाले छात्रों की परिवहन समस्या प्रमुखता से उठी। जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों ने जिलाधिकारी से तत्काल परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की।
विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष गोविंदी देवी की अध्यक्षता में एक प्रस्ताव पारित किया गया। इसमें विद्यार्थियों के लिए तत्काल परिवहन या विद्या वाहिनी वाहन उपलब्ध कराने की मांग की गई। सदस्यों ने प्रस्ताव पर हस्ताक्षर कर प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपील की। ग्रामीणों ने बताया कि पुंडिल, कोटसारी, कनौली, भनार जैसे कई गांवों से विद्यार्थी पढ़ने आते हैं। उन्हें प्रतिदिन 10 से 16 किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। इसमें दो से ढाई घंटे लगते हैं, जिससे उनकी उपस्थिति, स्वास्थ्य और पढ़ाई प्रभावित होती है। छोटे बच्चों और छात्राओं के लिए यह समस्या और गंभीर है।