पिथौरागढ़। वर्ष 2027 में गणतंत्र दिवस की परेड के लिए एनसीसी की 80वीं उत्तराखंड वाहिनी ने 45 सदस्यीय दल का चयन किया है। पुलिस लाइन में चली दो हफ्ते की कठिन चयन प्रक्रिया में पिथौरागढ़ तथा चंपावत जिले के एनसीसी कैडेट शामिल रहे।
चयन प्रक्रिया से गार्ड ऑफ ऑनर में आठ, कर्तव्य पथ के लिए 13, सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए 11, बेस्ट कैडेट के लिए आठ और यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम के लिए पांच कैडेटों को चुना गया। दो कैडेट को रिजर्व रखा गया है। चयन प्रक्रिया कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल देवेश सिंह ऐरी के निर्देशन और प्रशासनिक अधिकारी मेजर संध्या सिंह की देखरेख में चली। अगले चरण में ये कैडेट इंटर बटालियन कंपटीशन के लिए जाएंगे। इसमें सफल कैडेट इंटर ग्रुप कंपटीशन में हिस्सा लेंगे। इसके बाद उत्तराखंड की टीम का चयन होगा। टीम चयन में सूबेदार मेजर गंगा सिंह, एनसीसी अधिकारी कै. हरीश बिष्ट, सूबेदार हरेंद्र सिंह, ड्रिल एक्सपर्ट ना. सूबेदार यामिन खान, हवलदार देव प्रकाश, सीएचएम त्रिलोक सिंह, ड्रिल इंस्ट्रक्टर भैरवी प्रसाद, ललित, हरीश, भास्कर बिष्ट आदि शामिल रहे।
विभिन्न स्कूल और कॉलेज के कैडेट रहे चयन प्रक्रिया में शामिल
बटालियन के एनसीसी अधिकारी बीआर कोहली ने बताया कि पिथौरागढ़ और चंपावत जिले से विभिन्न कार्यक्रमों के लिए चुने गए सीनियर और जूनियर वर्ग के इन कैडेटों में जवाहर नवोदय विद्यालय, एलएसएम परिसर, लोहाघाट, बांसबगड़, एसडीएस इंटर कॉलेज, जीआईसी गंगोलीहाट, जीआईसी देवलथल, आर्मी पब्लिक स्कूल, एशियन स्कूल के अलावा जीपीजीसी लोहाघाट, केएनयू इंटर कॉलेज के कैडेट शामिल रहे।