बेड़ीनाग से उडियारी बैंड से कमेड़ीदेवी सड़क किनारे उगी झाड़ियां। संवाद
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। सड़क किनारे उगी झाड़ियों के चलते वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार ने वाहन दुर्घटनाओं को रोकने के निर्देश दिए हैं। बावजूद इसके दुर्घटना का सबब बन रही झाड़ियों को नहीं काटा जा रहा है।
उडियारी बैंड से लेकर बागेश्वर जाने वाले कमेड़ी देवी मार्ग के दोनों और उगी बड़ी-बड़ी झाड़ियों से आए दिन वाहन दुर्घटनाएं हो रही हैं। झाड़ियाें से सड़क संकरी हो गई है। इससे सामने से आने वाले वाहन तक नहीं दिखाई दे रहे हैं। ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष मनोज कार्की और कोटमन्या व्यापार संघ के अध्यक्ष ललित कार्की ने बताया कि तीन दिन पूर्व कोटमन्या और कमेड़ी देवी के बीच दो जीपों की आपस में टक्कर हो गई थी। हादसे में सवारियों को हल्की चोटें आई थीं।
उन्होंने कहा कि सड़क किनारे से झाड़ियां हटवाने की मांग की है। एनएच (लोहाघाट खंड) के सहायक अभियंता दिनेश रावत ने बताया कि सड़क सुधारीकरण, झाड़ी कटान, पटरी भरान सहित अन्य कार्यों के लिए 60 लाख रुपये के टेंडर लगाए गए हैं। टेंडर खुलने के बाद शीघ्र कार्य शुरू किया जाएगा। संवाद