चंपावत। एसओजी टीम ने किरोड़ा नाले के पास सड़क पर चेकिंग के दौरान 908 ग्राम अवैध चरस के साथ उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने देवीधुरा क्षेत्र के मेतड़ा गांव निवासी जमन सिंह से 45 हजार रुपये में चरस खरीदने की बात कबूली। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज किया है।
सोमवार को एसओजी टीम चेकिंग कर रही थी। इस दौरान संदिग्ध शमसुद्दीन पुत्र होशियार खान, निवासी नूर नगर, भुजपुरा, थाना कोतवाली नगर, अलीगढ़ की तलाशी ली गई। उसके कब्जे से 908 ग्राम चरस बरामद हुई। शमसुद्दीन ने बताया कि वह 25 अक्तूबर को चरस लेने चंपावत आया था। 26 अक्तूबर को वह जमन सिंह के घर से चरस लेकर अलीगढ़ लौट रहा था। एसपी रेखा यादव ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।