बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रही वैन असंतुलित होकर खाई में गिर गई। हादसे में तीन छात्र और चालक घायल हो गया। चारों को प्राथमिक उपचार के बाद अल्मोड़ा बेस अस्पताल रेफर कर दिया गया।
शुक्रवार सुबह करीब 6.30 बजे दशाईथल निवासी जगदीश राम (31) पुत्र गुसाईं राम अपनी वैन से अपने पुत्र आदर्श (3), दशाईथल के ही जतिन (5) पुत्र सुभाष कुमार और हर्षित (7) पुत्र नवीन चंद्र निवासी फुटसिल को गंगोलीहाट के रेनेसां नर्सरी स्कूल गंगोलीहाट छोड़ने जा रहा था। पोखरी-दशाईथल रोड में हिमालयन ग्राम विकास समिति के कार्यालय से 500 मीटर आगे वैन असंतुलित होकर 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
सड़क से गुजर रहे फुटसिल के लोगों ने वैन को खाई में गिरते देखा, इन लोगों ने चारों घायलों को खाई से निकाला। हिमालयन ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट ने अपने वाहन से चारों घायलों को गंगोलीहाट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। डा. पवन कार्की ने प्राथमिक उपचार के बाद चारों घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। चारों घायलों को अल्मोड़ा बेस अस्पताल ले जाया गया है। डा. कार्की ने बताया कि चारों घायलों की हालत खतरे से बाहर है। सिर में चोट होने के कारण ऐहतियात के तौर पर हायर सेंटर रेफर किया गया है। तहसीलदार डिगर सिंह महरा, थानाध्यक्ष केएस नेगी, ब्लाक प्रमुख गंगा बिष्ट, जिला पंचायत उपाध्यक्ष वीरेंद्र महरा बल्लू ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली।