पिथौरागढ़ से थल के लिए ईंट लेकर आ रहा एक टिप्पर बृहस्पतिवार रात सुरौली के पास सड़क से पलटकर 200 मीटर गहरी खाई में गिर गया। जिस स्थान पर यह हादसा हुआ वहां पर सड़क की दीवार टूटी थी। रात के अंधेरे में ड्राइवर को इसका आभास नहीं हो पाया। दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए, इनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और थल थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ईंट से भरा यह टिप्पर सुरौली के पास खाई में गिर गया। दुर्घटना में टिप्पर चालक सुनील कुमार (26) पुत्र ललित राम निवासी भट्यूड़ा पिथौरागढ़ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भट्यूड़ा निवासी संजय कुमार पुत्र शंकर राम, पिथौरागढ़ के चंद्रभागा निवासी नानू वल्दिया पुत्र भीम सिंह वल्दिया और मोहित सिंह पुत्र बहादुर सिंह घायल हो गए। स्थानीय युवा धर्मेंद्र बोरा, राजेंद्र सामंत, हरीश सामंत, भरत सिंह आदि ने खाई में जाकर घायलों को बाहर निकालने का काम किया। थल के थाना प्रभारी विजेंद्र साह के नेतृत्व में मौके पर पहुंची टीम ने तत्काल घायलों को प्राइवेट वाहनों से जिला अस्पताल भेजने की व्यवस्था की। बताया गया है कि सूचना देने के दो घंटे बाद तक भी 108 वाहन मौके पर नहीं पहुंचा था। इससे लोगों में भारी नाराजगी है। थाना प्रभारी ने बताया कि चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार ने कहा कि यह घटना खराब रोड के कारण हुई। जिस स्थान पर हादसा हुआ वहां पर टूटी हुई दीवार की लंबे समय से मरम्मत नहीं की गई है।