एसपी रोशन लाल शर्मा ने ड्यूटी में लापरवाही पर एक पुलिस को सस्पेंड और दूसरे को लाइन हाजिर कर दिया है। उन्होंने कहा कि अब रात के समय भी आकस्मिक चेकिंग की जाएगी, यदि कोई पुलिसकर्मी ड्यूटी से गैरहाजिर या लापरवाही करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
एसपी ने डीडीहाट में तैनात पुलिस कांस्टेबल पुष्पांकर को सस्पेंड किया है। कांस्टेबल की ड्यूटी आपदा अलर्ट के दौरान मदकोट सेक्टर में लगाई गई थी, लेकिन वह मदकोट जाने के बजाए डीडीहाट में ही डटा रहा। एसपी ने मंगलवार शाम जब ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों का सत्यापन किया तो पुष्पांकर मदकोट नहीं पहुंचा था। एसपी ने कहा कि आदेश के बाद भी तैनाती स्थल पर नहीं जाना गंभीर लापरवाही है। ऐसी हरकतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस पुलिसकर्मी की ड्यूटी जहां लगाई जाती है, उसे तत्काल वहां पहुंचना होगा। आपदा के समय किसी भी तरह की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।
वहीं, मंगलवार शाम करीब 6.30 बजे राउंड पर निकले एसपी शर्मा ने सिल्थाम चौकी में तैनात पुलिस कांस्टेबल दीपक विश्वकर्मा को लाइन हाजिर कर दिया। एसपी ने बताया कि यह पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी में ध्यान देने के बजाए एक व्यक्ति से गप्पें लड़ा रहा था।