निजी कार्य से बहराइच आए बलरामपुर के दो युवकों को रात में लौटते समय बहराइच-गोंडा मार्ग पर कोल्हुवा के निकट पीछा कर रहे बाइक सवार बदमाशों ने पीटकर लूट लिया।
पीड़ितों ने थाने पर प्रार्थना पत्र दिया लेकिन केस दर्ज नहीं हुआ है। दो थानों की सीमा होने के चलते पुलिस टालमटोल कर रही है।
बलरामपुर के तुलसीपुर निवासी हफीज खां (38) अपने मित्र सलमान (28) के साथ सोमवार को निजी कार्य से बहराइच आए थे। यहां पर काम निपटाने के बाद लौटने में देर हो गई।
बाइक सवार दोनों युवक रात 10:30 बजे के आसपास गोंडा होते हुए बलरामपुर जाने के लिए निकले।
बहराइच-गोंडा मार्ग पर कोतवाली देहात और पयागपुर की सीमा पर कोल्हुवा गांव के निकट पीछा कर रहे बाइक सवार नकाबपोश तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर बाइक को रोक लिया।
रुकते ही सभी ने हमला कर पिटाई की। इसके बाद हनीफ के पास मौजूद 15 हजार रुपये नकदी और मोबाइल लूट लिया। हनीफ का कहना है कि उसने थाने पर तहरीर दी तो कोतवाली देहात क्षेत्र होने के चलते उसे सिपाहियों ने वापस कर दिया।