मंगलवार को जौलजीबी-बरम सड़क में गोरी नदी में गिरी मैक्स जीप और उसमें सवार लोगों का दूसरे दिन भी कोई पता नहीं चला। हादसे के शोक में बुधवार को टैक्सी यूनियन ने वाहनों का संचालन ठप रखा।
बुधवार को पुलिस, एसएसबी, एसडीआरएफ, आपदा प्रबंधन विभाग के साथ ही केएमवीएन के राफ्टरों ने गोरी नदी में काफी दूर तक खोजबीन अभियान चलाया। दुर्घटनास्थल से आगे गर्जिया, हंसेश्वर, पीपली, झूलाघाट, पंचेश्वर तक खोजबीन की गई। पुलिस ने क्रेन के माध्यम से नदी में डूबे वाहन को खोजने का अभियान चलाया लेकिन सफलता नहीं मिली। प्रभारी जिलाधिकारी विनोद गिरी गोस्वामी ने बृहस्पतिवार को भी खोजबीन अभियान जारी रखने के आदेश दिए हैं। नदी में बहे लोगों के जीवित रहने की कोई उम्मीद नहीं है।
शोक में बुधवार को टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष ललित अवस्थी, टैक्सी संचालक नवीन जंगपांगी, गंगा बृजवाल, परमानंद भट्ट, विक्रम पाल, गजेंद्र पाल के नेतृत्व में टैक्सी संचालकों ने वाहनों का संचालन बंद रखा। चिफलतरा (बलमरा) नामक स्थान में हुए हादसे में एक व्यक्ति की लाश बरामद हो गई थी, चालक समेत पांच लोग लापता हो गए थे।