जौलजीबी मेले से लौट रही यात्रियों से भरी जीप रविवार रात करीब 12.30 बजे मिर्थी के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई जबकि 9 यात्री घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई गई है। जीप चालक दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि रविवार रात जौलजीबी मेला देखकर डीडीहाट नगर तथा आसपास के गांवों के युवक जीप से डीडीहाट को लौट रहे थे। तभी यह जीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस घटना में डीडीहाट के अंबेडकर वार्ड निवासी नरेंद्र कुमार (19) पुत्र हरीश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आईटीबीपी के जवान, स्थानीय लोग और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। घायलों में जीआईसी वार्ड निवासी नवीन कुमार और बर्नाऐरी गांव निवासी गोविंद टम्टा को ज्यादा चोट होने के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों में बोरागांव निवासी गोविंद महर, जीआईसी वार्ड निवासी महेश कुमार, दीवान कुमार, कैलाश रावत, बोरागांव निवासी मोनू, दूनाकोट निवासी रवींद्र महरा, पमस्यारी निवासी रवींद्र खोलिया को कम चोट है। उनको प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डा. तपन गुप्ता ने बताया कि घायलों में दो की हालत गंभीर है। उपनिरीक्षक रवींद्र पांगती और तहसीलदार गिरीश चंद्र भट्ट ने रात ही में घटनास्थल का दौरा किया। पुलिस ने बताया कि चालक दिनेश कोहली घटना के बाद से फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।