टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच पर घाट मीना बाजार के पास रविवार सुबह करीब 8.30 बजे बाइक से जा रहे एक छात्र की कैंटर से कुचलकर मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा छात्र का चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कैंटर को ओवरटेक करने के चक्कर में हुआ। जैसे ही कैंटर को ओवरटेक किया गया वैसे ही बाइक सामने से आ रहे पिकअप वाहन से टकरा गई और दोनों बाइक सवार बाइक समेत कैंटर के नीचे गिर गए। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय लाया गया है और घायल को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। बाइक चालक ने हेलमेट पहना था।
कोतवाल ध्यान सिंह ने बताया कि डाकुड़ा निवासी नर सिंह (50) का घाट बैंड में होटल है। वह रोज की तरह रविवार सुबह बाइक से होटल खोलने के लिए रवाना हुए। रविवार की छुट्टी होने के कारण उनका भतीजा विक्रम सिंह (14) पुत्र रमेश सिंह भी उनके साथ बाइक पर बैठ गया। मीना बाजार से करीब एक किलोमीटर पहले नर सिंह ने आगे चल रहे कैंटर को ओवरटेक किया, लेकिन इतने में सामने से एक पिकअप वाहन आ गया और मोटरसाइकिल पिकअप से टकराने के बाद सीधे कैंटर के नीचे आ गई। दोनों बाइक सवार कैंटर के नीचे दब गए।
विक्रम का सिर कैंटर के टायर से कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद कुछ देर तक हाइवे पर जाम लग गया। पुलिस ने बताया कि यह घटना लापरवाही से हुई है। घायल नर सिंह को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भर्ती किया गया है। वहीं, घटना के बाद से डाकुड़ा गांव में शोक की लहर है। विक्रम राजकीय हाईस्कूल गोगना में कक्षा सात में पढ़ता था और बेहद प्रतिभाशाली था। उसकी मौत से विद्यालय में भी शोक छाया है।