बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। तहसील के नैनी ग्राम सभा के केदारेश्वर जंगल में तेंदुए का शव मिला है। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने शव को कब्जे में ले लिया है। रविवार को तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। प्रथमदृष्ट्या तेंदुए की मौत आपसी संघर्ष में चट्टान से गिरकर होनी बताई जा रही है।
केदारेश्वर जंगल में शनिवार सुबह विद्यालय जाने वाले शिक्षकों ने तेंदुए का शव देखा। उन्होंने पटवारी एमएस बिष्ट को सूचना दी। पटवारी की सूचना पर वन दरोगा हयात सिंह रावत के नेतृत्व में वन कर्मी भरत बोरा, पुष्कर लाल, दिनेश चौहान मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर टीम मुवानी लाई। वहां से उसे बेड़ीनाग लाया गया।
रेंजर जेसी जोशी ने बताया कि मृत तेंदुआ नर है और उसकी उम्र डेढ़ वर्ष के करीब है। तेंदुआ साढ़े छह फुट लंबा है। उन्होंने बताया कि तेंदुए की मौत संभवत: आपसी संघर्ष में चट्टान से गिरने के कारण हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद उसकी मौत के असली कारणों का पता चलेगा।