धारचूला (पिथौरागढ़)। अंतरराष्ट्रीय झूलापुल पर एसएसबी की चेकिंग के दौरान बुधवार की देर शाम को विस्फोटक और डेटोनेटर के साथ पकड़े गए नेपाली युवक को पुलिस ने आईपीसी की धारा 4/5 के अन्तर्गत विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
थानाध्यक्ष पीएस नेगी ने बताया कि नेपाली युवक हरक सिंह ठगुन्ना (22) निवासी सिप्टी ग्राम विकास समिति दार्चुला नेपाल, मदकोट में एलफा फसेसेटिक प्राईवेट कंपनी में श्रमिक के तौर पर कार्य करता है। वह मदकोट झापली बौना स्थित कंपनी के गोदाम से जेलेटिन रॉड आदि लेकर निकला। बुधवार को धारचूला झूलापुल पार करने के लिए जैसे ही वह झुला पुल पर पहुंचा तो एसएसबी ने अपने रुटीन चेकिंग के दौरान उसके बैग से चार जिलेंटिन रॉड, चार कैप (डेटोनेटर) और एक फ्यूज बरामद किया। एसएसबी की पूछताछ में युवक ने बताया कि वह मछली मारने के लिए विस्फोटक ले जा रहा था। पुलिस ने बताया कि आरोपी युवक को अपराध के बारे में कुछ भी पता नहीं था। बृहस्पतिवार को पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।