झूलाघाट(पिथौरागढ़)। नेपाल के क्षेत्र नंबर सात के बझांग जिले में एक जीप खाई में जा गिरी। दुर्घटना में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
बझांग के प्रहरी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को ब्यांसी से थलारा के भांडे बाजार की ओर जा रही जीप नेटारेल्या के पास सड़क से 10 मीटर नीचे गिर गई। वाहन में सवार छविसपाथी गांव की सोनकोसा जाग्री(42) और रूद्रा जाग्री(48) की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में छविसपाथी गांव के ही जमान धामी और देवराज जाग्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर जिला मुख्यालय से नेपाल प्रहरी और सेना के जवान धटनास्थल पहुंचे और बचाव कार्य किया। जवानों ने जीप के नीचे दबे मृतकों और घायलों को बाहर निकाला। घायलों को जिला अस्पताल बझांग लाया गया। हालत बिगड़ने पर दोनों घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।