तीनों की बाइकें भी बरामद, मिश्रिख की घटना
कल्ली चौराहा (सीतापुर)। मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र में करीब दर्जनभर दबंगों ने एक घर पर हमला बोल दिया। ये हमलावर बाइकों पर सवार होकर पहुंचे थे। ग्रामीणों के दबाव बनाने पर तीन हमलावर तीन बाइक के साथ दबोच लिए गए। जबकि अन्य भागने में सफल रहे।
मिश्रित कोतवाली के ग्राम करखिला निवासी सत्येन्द्र कुमार घर पर मौजूद था। इसी बीच मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बेनौरा निवासी मोहित अपने करीब दर्जनभर साथियों के साथ कई बाइकों से लाठी डंडा लेकर सत्येंद्र के घर पहुंच गया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, मोहित ने हमला बोल दिया।
चीख पुकार मचने पर गांव के लोग एकत्र हो गए। जिन्होंने घेराबंदी करके मोहित, उसके साथी उस्मान, तन्नू को दबोच लिया। जबकि अन्य हमलावर भाग गए। इस भगदड़ में हमलावरों की तीन बाइके मौके पर ही छूट गईं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों हमलावरों व बाइकों को अपने कब्जे में ले लिया।
बताया जा रहा है कि वाहनों को ओवरटेक करने को लेकर विवाद हुआ, जो मारपीट तक आ पहुंचा। चौकी प्रभारी वीरेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि तीनों के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई है।