पिथौरागढ़। एक युवती के नाम से फर्जी फेसबुक आइडी बनाकर उसकी फोटो के साथ अश्लील टिप्पणी करने वाले युवक को पुलिस ने मुरादाबाद से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
16 जून को एक व्यक्ति ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात व्यक्ति उसकी बेटी की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर उसमें उसकी फोटो डालकर अश्लील टिप्पणी कर रहा है। पुलिस ने धारा 509, आईटी एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
प्रभारी निरीक्षक ध्यान सिंह के नेतृत्व में गठित टीम 24 जून को बिहार और यूपी पहुंची। 28 जून को पुलिस टीम ने इबरत हुसैन उफ अयान जिगरा, जिला पूर्निया, बिहार, हॉल अकबरपुर को दोपहर में थाना मुगलपुरा, मुरादाबाद से दबोच लिया। टीम में एसआई विकास कुमार, कांस्टेबल महेश चंद्र, एसओजी के राजकुमार, अरविंद कुमार शामिल थे।
मोबाइल नंबर ब्लाक करने से चिढ़ा आरोपी
पिथौरागढ़। फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर अश्लील टिप्पणी करने वाले आरोपी ने मदरसे से आलिम की शिक्षा ग्रहण की है। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि फैैजाबाद में आयोजित मेले में उसकी मुलाकात पिथौरागढ़ से जियारत करने आए एक परिवार से हुई। मेले के दौरान उस परिवार में शामिल की युवती का फोन डिस्चार्ज हो गया तो रिचार्ज करने के दौरान उसका नंबर ले लिया। इसके बाद उसकी लड़की से बराबर बात होती रही। वह लड़की की बड़ी बहन को दीदी मानता है।
उसने बताया कि लड़की ने व्हाट्सअप के जरिए अपना फोटो भी भेजा। बाद में किसी बात से नाराज होकर लड़की ने उसका मोबाइल नंबर ब्लाक कर दिया। इससे नाराज होकर उसने फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर अश्लील टिप्पणी करनी शुरू कर दी। उसे अंदाजा नहीं था कि पुलिस उसे गिरफ्तार कर लेगी।