पिथौरागढ़। नगर के बजेटी में चोरों ने एक घर में घुसकर सोने का हार और एक अंगूठी उड़ा ली। चोर पर्स को खेत में ही फेंक गए। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नगरवासी भयभीत हैं।
बृहस्पतिवार शाम लगभग सात बजे प्रधानाचार्य एवं ज्ञान प्रकाश संस्कृत पुस्तकालय के संचालक डॉ. पीतांबर अवस्थी के घर में घुसकर चोरों ने पर्स चोरी कर लिया। उस पर्स में सोने का एक हार और एक अंगूठी थी। प्रधानाचार्य डॉ.अवस्थी ने बताया कि उनके परिवार के सभी सदस्य शाम को निचली मंजिल पर बैठे थे।
भोजन करने के बाद पर्स के चोरी होने का पता चला। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह खेत में खाली पर्स पड़ा मिला। हार की कीमत लगभग 30 हजार रुपये होगी। डॉ.अवस्थी ने कोतवाली पहुंचकर चोरों का पता लगाने की मांग की। बता दें कि चार दिन पहले पदियाधारा क्षेत्र में भी चोरी की घटना हुई थी। नगरवासियों ने पुलिस प्रशासन से चोरी की घटनाओं में लिप्त आरोपियों को पकड़ने की मांग की है।