कनालीछीना (पिथौरागढ़)। डुंगरी उपडाकघर में खाताधारकों के पैसों के गबन का मामला सामने आया है। जांच में पता चला कि लोगों के खातों में पैसे जमा ही नहीं किए गए। खाताधारकों ने पोस्टमास्टर सुरेश लाल पर उनके पैसे गबन करने का आरोप लगाया है। अब तक 3.45 लाख रुपये की गड़बड़ी सामने आई है। विभागीय जांच में गड़बड़ी की पुष्टि होने पर डाक निरीक्षक ने कनालीछीना थाने में पोस्टमास्टर के खिलाफ तहरीर दी है।
डुंगरी निवासी विनोद सिंह सामंत का आरडी खाता पूरा हुआ था। जब वह कनालीछीना पोस्टआफिस में धनराशि निकालने आए तो पता चला कि उनके खाते में 11 हजार रुपये कम हैं। पूछताछ करने पर डाककर्मी स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए। उन्होंने इसकी जानकारी गांव में अन्य ग्रामीणों को भी दी। खाताधारक जब कनालीछीना पोस्टआफिस पहुंचे तो पता चला कि कई लोगों के खातों में धनराशि कम है।
इससे खाताधारकों में हड़कंप मच गया। मामले में डाक निरीक्षक पिथौरागढ़ रोहित कुमार ने प्रथमदृष्ट्या जांचकर पोस्टमास्टर को दोषी मानते हुए कनालीछीना थाने में तहरीर सौंप दी है। इधर, पोस्टमास्टर सुरेश लाल का कहना है कि उन्होंने कोई गबन नहीं किया है।
तहरीर मिल गई है। अभी वह निकाय चुनाव में डीडीहाट ड्यूटी पर हैं। वहां से आने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी। आरसी कांडपाल, एसओ, कनालीछीना
जांच में धांधली पाई गई है इसके आधार पर डाक निरीक्षक को सबंधित पोस्टमार्टम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को कहा गया है। विभागीय जांच भी चल रही है। गिरीश चंद्र भट्ट, डाक अधीक्षक पिथौरागढ़।
बड़ी गड़बड़ी की आशंका
डुंगरी निवासी आयुष बिष्ट, अनीता, विनोद कुमार, चंद्रकला बिष्ट, नैन सिंह, देवकी देवी के खाते से 20-20 हजार, मनीषा बिष्ट, बहादुर सिंह के खाते से दस-दस हजार, सरिता पंत के खाते से 75 हजार, चंद्र सिंह, लीला सामंत के खाते से 40 हजार, निर्मला के खाते से 15 हजार रुपये निकाले गए हैं। इस तरह अब तक कुल 3.45 लाख रुपये की गड़बड़ी मिली है। खाताधारकों ने आशंका जताई है कि गबन की गई धनराशि कहीं अधिक हो सकती है।