दाफा गांव में जमीन धंसने से ध्वस्त मकान। स्रोत: ग्रामीण
नाचनी (पिथौरागढ़)। भारी बारिश से मुनस्यारी विकासखंड के दाफा गांव में जमीन धंसने से कई मकानों में दरारें पड़ गई हैं। प्रशासन ने खतरा बन चुके पांच मकानों में रहने वाले सात परिवारों को रिश्तेदारों के घरों में शिफ्ट कर दिया है। सभी परिवारों को राशन उपलब्ध कराया गया है।
लगातार हो रही बारिश के कारण मंगलवार सुबह थल-मुनस्यारी सड़क पर ला झेकला से ऊपर स्थित दाफा गांव की जमीन दरकने लगी। जमीन धंसने से केशर राम पुत्र महेंद्र राम, बलवंत राम पुत्र महेंद्र राम, खुशाल सिंह पुत्र धन सिंह, मोहन सिंह पुत्र धन सिंह, उमेद सिंह पुत्र धन सिंह, मोहन सिंह पुत्र दुर्गा सिंह और खुशाल सिंह पुत्र दुर्गा सिंह के मकान खतरे की जद में आ गए। मकानों में दरारें पड़ती देख ग्रामीण दहशत में आ गए।
सामाजिक कार्यकर्ता भगत बाछमी की सूचना पर एसडीएम आशीष जोशी सहित अन्य अधिकारी गांव पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों से बातचीत की और उनके लिए राशन का इंतजाम कराया। बाद में सभी प्रभावित परिवारों को रिश्तेदारों के घरों में शिफ्ट कराया गया।
गांव के ऊपरी हिस्से में जमीन में गहरी दरारें पड़ गई हैं जिससे ग्रामीण भयभीत हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि तेज बारिश हुई तो भारी भूस्खलन हो सकता है। ग्रामीण काफी सतर्कता बरत रहे हैं। प्रशासन ने पुलिस को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
दाफा गांव में जमीन धंसने से खतरे की जद में आए परिवारों को प्रभावितों के रिश्तेदारों के घरों में शिफ्ट कर दिया है। इन्हें राशन भी उपलब्ध करा दिया है। प्रभावित स्थल पर पुलिस प्रशासन के अधिकारी कर्मचारी अलर्ट मोड पर रखे गए हैं। भूस्खलन संभावित चचना, झेकला आदि गांवों को भी अलर्ट रहने के लिए कहा गया है ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके। - आशीष जोशी, एसडीएम, मुनस्यारी