पिथौरागढ़ डीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते सभासद। अमर उजाला
- फोटो : PITHORAGARH
देव सिंह मैदान में रविवार से आयोजित प्रदर्शनी मेले में जनता से प्रवेश शुल्क नहीं लेने की मांग को लेकर पालिका सभासदों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया।
पालिका सभासदों का कहना था कि प्रदर्शनी मेले में प्रवेश शुल्क लिए जाने की बात कही जा रही है। साथ ही झूले का शुल्क भी अधिक रखा जा रहा है। शुल्क लगाकर जनता को प्रदर्शनी देखने से वंचित किया जा रहा है। मैदान में झूले भी अव्यवस्थित ढंग से लगाए गए हैं। इससे मैदान में काफी कम जगह बची है। भीड़ बढ़ने से मैदान में भगदड़ मचने की संभावना हो सकती है। पालिका और प्रशासन का दायित्व बनता है कि कम शुल्क में जनता का मनोरंजन करें।
उन्होंने मेले में प्रवेश शुल्क न लेने, झूले आदि का न्यूनतम शुल्क रखने, मेले में लगने वाली दुकानें स्थानीय व्यापारियों को आवंटित करने, प्रशासनिक अधिकारी को मेलाधिकारी नियुक्त करने की मांग की है। साथ ही कहा है कि पूर्व में पालिका परिषद की बैठक में देव सिंह मैदान में किसी भी कार्यक्रम का प्रतिदिन का शुल्क 20 हजार रुपये रखा गया था। वर्तमान में 24 हजार रुपये में एक माह के लिए दिया गया है। इसकी भी जांच की मांग उठाई है।
प्रदर्शन करने वालों में सभासद कमल कुमार पांडेय, पवन सिंह माहरा, अनिल माहरा, नीरज कुमार, सरस्वती मखौलिया, रविंद्र बिष्ट, हेमा साही, राधिका लुंठी शामिल रहे।