बरात में गए चंडाक क्षेत्र के युवक की पत्थरों से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। युवक का शव सड़क किनारे पड़ा मिला। युवक के भाई की तहरीर पर राजस्व पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
राजस्व पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को चंडाक क्षेत्र के बड़ेउ गांव से एक बरात पिथौरागढ़ के लिंठ्यूड़ा आई थी। वनडे बरात शाम को गांव लौट गई। सभी बराती घर पहुंच गए, लेकिन खितोली गांव निवासी जगदीश सिंह (40) पुत्र गोपाल सिंह घर नहीं पहुंचा।
शनिवार सुबह जगदीश सिंह की लाश सड़क किनारे पड़ी मिली। ग्रामीणों ने इसकी सूचना सटगल पटवारी क्षेत्र के राजस्व उपनिरीक्षक मनोज कुमार को दी। इसके बाद नायब तहसीलदार दीपक वर्मा, उपनिरीक्षक भरत सिंह, ऋषेंद्र सिंह और राजेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। जगदीश सिंह के सिर पर चोट के निशान हैं।
पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। जगदीश के भाई मनोहर सिंह की तहरीर पर राजस्व पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जगदीश सिंह कृषि कार्य करता था। उसके दो छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद जगदीश सिंह के घर में कोहराम मचा है।