डीडीहाट में प्रदर्शन करते उक्रांद और कांग्रेस कार्यकर्ता। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। जिला मुख्यालय स्थित महिला अस्पताल में पमस्यारी निवासी प्रसूता नीलम बोरा (28) की मौत से क्षेत्र में रोष है। उक्रांद और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है।
तीन फरवरी को महिला अस्पताल में प्रसव के तीन दिन बाद राज्य आंदोलनकारी स्व. जोध सिंह बोरा की बहू नीलम पत्नी दिगंबर बोरा की मौत हो गई थी। चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को उक्रांद और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक पर प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने मामले में महिला अस्पताल के दोषी चिकित्सकों को बचाने का भी आरोप लगाया। कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र बोरा ने कहा कि महिला अस्पताल गर्भवती महिलाओं की कब्रगाह बनते जा रहा है।
दोषियों पर कार्रवाई नहीं कर उन्हें बचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उक्रांद के कृपाल मेहरा ने कहा कि अस्पताल में आए दिन ऐसे मामले प्रकाश में आ रहे हैं। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। आक्रोशित लोगों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो बाजार बंद कर चक्का जाम किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में व्यापार संघ महासचिव शेर सिंह साही, हीरा बोरा, गोविंद टम्टा, कैलाश खोलिया, रतन गिरी गोस्वामी, पूरन बोरा, माही बोरा समेत कई लोग मौजूद रहे।