पिथौरागढ़ के नवाचार को दिल्ली के स्कूलों में साझा करेंगे प्रधानाध्यापक
अमर उजाला ब्यूरो
पिथौरागढ़। सीमांत पिथौरागढ़ जिले के तीन प्रधानाध्यापक सीमांत के सरकारी स्कूलों में शुरू किए गए नवाचार को दिल्ली के स्कूलों में साझा करेंगे। तीनों प्रधानाध्यापक दिल्ली के स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था को भी समझेंगे। इनमें आदर्श विद्यालय जाजरचिंगरी के प्रधानाध्यापक चंद्रशेखर जोशी, मंडल विद्यालय पिथौरागढ़ के प्रधानाध्यापक हरीश पांडेय और सल्ला विद्यालय की प्रधानाध्यापिका भावना जोशी शामिल हैं।
पिथौरागढ़ का जाजरचिंगरी स्कूल नवाचारों के लिए जाना जाता है। इस विद्यालय में मशरूम उत्पादन सहित तमाम तरह के नवाचार किए गए थे। मशरूम उत्पादन के नवाचार को काफी प्रशंसा मिली थी और कई स्कूलों में इसे शुरू किया गया था। राज्य के शिक्षा निदेशक की पहल पर इस नवाचार को अब पूरे राज्य में लागू किया जा रहा है। जाजरचिंगरी के अलावा पिथौरागढ़ के मंडल स्कूल और सल्ला विद्यालय में भी तमाम नवाचार किए गए। इनमें इको क्लब, प्लास्टिक उन्मूलन, कानूनी जागरूकता, झाड़ू बनाना, आचार बनाना प्रमुख रूप से शामिल था। इन नवाचारों के आधार पर शिक्षा विभाग की ओर से तीनों विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को दिल्ली के श्रेष्ठ स्कूलों के भ्रमण के लिए चयनित किया गया है। तीनों प्रधानाध्यापक 11 से 15 फरवरी तक दिल्ली के विद्यालयों में अपने नवाचार दिखाएंगे और वहां की शिक्षा की गुणवत्ता को समझेंगे।
फोटो- 05पीटीएच 33पी, 34पी, 35पी-