झूलाघाट (पिथौरागढ़)। नेपाल सीमा पर बसे भारतीय गांवों में बीते एक सप्ताह से संचार सेवा ठप है। आठ गांवों के ग्रामीणों के साथ सीमा सुरक्षा में डटे एसएसबी जवानों के लिए अपनों से बात करना भी मुश्किल हो गया है। वहीं डाकघर में कामकाज ठप होने से लोग परेशान हैं।
नेपाल सीमा पर बसे ध्यांड, बलतड़ी, तड़ीगांव, पिपलतड़ा, टाकुला, बौनकोट, लमीजर, जायल सहित आसपास के गांवों में बीएसएनएल की संचार सेवा पूरी तरह ठप है। बीएसएनएल ही इन गांवों में संचार सेवा उपलब्ध करा रहा था। अब इन गांवों में मोबाइल पर न तो सिग्नल आ रहे हैं और न इंटरनेट सेवा संचालित हो रही है। इन गांवों के डाकघरों में भी संचार सेवा ठप होने से कामकाज बंद है।
इस क्षेत्र में काली नदी के किनारे देश की सुरक्षा में डटे एसएसबी के जवानों की बीओपी भी स्थापित हैं। संचार सेवा ठप रहने से एसएसबी के जवानों के लिए अपनों तक अपनी कुशलता की खबर पहुंचाना मुश्किल हो गया है। क्षेत्र के रमेश चंद रोडियाल सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि बीएसएनएल को सूचना देने के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने जल्द व्यवस्था में सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
कोट
ध्यांड और बलतड़ी में स्थापित टावर में कनेक्टिविटी बाधित होने की सूचना मिली है। मजिरकांडा स्थित टावर में भी तकनीकी खराबी आई है। देहरादून से टीम आने वाली है। जल्द ही क्षेत्र में संचार सेवा दुरुस्त कर ली जाएगी। - मोहम्मद खालिद, एसडीई, बीएसएनएल, पिथौरागढ़