गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। पूर्व खिलाड़ी स्व. हरीश सिंह बोरा की स्मृति में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल चामुंडा यूथ क्लब हनेरा ने जीत लिया है। चामुंडा यूथ क्लब ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में महाकाली रावल इलेवन को पेनल्टी शूटआउट में हराया। प्रतियोगिता में 28 टीमों ने भाग लिया।
महाकाली स्पोर्ट्स क्लब की ओर से जीआईसी मैदान में सीनियर वर्ग का फाइनल महाकाली रावल इलेवन और चामुंडा यूथ क्लब हनेरा के बीच खेला गया। पहले हाफ में दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं।
दूसरे हाफ में चामुंडा यूथ क्लब के दीपक बोरा ने पहला गोल कर बढ़त दिलाई। महाकाली के दीपक रावल ने गोल कर 1-1 की बराबरी कराई। निर्धारित समय तक मैच 1-1 गोल पर खत्म हुआ।
अतिरिक्त समय में भी दोनों टीमें गोल नहीं कर पाई। निर्णय के लिए पेनल्टी शूट आउट का सहारा लेना पड़ा। इसमें चामुंडा यूथ क्लब ने 4-1 जीत दर्ज की। निर्णायक राहुल भंडारी, लाइनमैन सौरभ मेहरा और अखिल पांडे रहे।
मुख्य अतिथि विधायक मीना गंगोला, विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष जयश्री पाठक और स्व. हरीश बोरा की पत्नी भागीरथी बोरा, दिनेश धनिक, सुरेश जोशी, भूपाल आर्या, सभासद नीरज रावल, संजू बोरा, भगवती मेहरा, कल्याण सिंह, गिरीश जोशी ने विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया।
स्व. हरीश सिंह की पत्नी ने आयोजकों को 2500 की सहयोग राशि दी। इस दौरान फुटबॉल में योगदान देने वाले पूर्व खिलाड़ियों और सहयोगियों को सम्मानित किया गया।
महाकाली स्पोर्ट्स क्लब के अध्यक्ष गजेंद्र रावल ने सभी का आभार जताया। इस अवसर बबलू पांडे, षष्टी सिंह रावल, जीवन नेगी, दीपक रावल, ऋषभ रावल, दीपू रावल कमल रावल आदि रहे।
बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी सम्मानित
गंगोलीहाट। प्रतियोगिता में मैन ऑफ द सीरीज महाकाली के दीपक रावल रहे। बेस्ट डिफेंडर की ट्रॉफी संतोष रावल को दी गई। बेस्ट गोलकीपर विशाल बोरा, बेस्ट मिडफील्डर भरत खाती, बेस्ट टीम जय काली, सर्वश्रेष्ठ उभरता खिलाड़ी अंकित बोरा और सर्वश्रेष्ठ फारवर्ड भगवत रावल को चुना गया। प्रतियोगिता में सबसे अधिक गोल करने वाले और मैन ऑफ द मैच रहे चामुंडा के दीपक बोरा को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।