बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ टास्क फोर्स की बैठक लेते डीएम डा.विजय कुमार जोगदंडे। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। जनपद में बालिका लिंगानुपात बढ़ाने के लिए बृहद तौर पर अभियान चलाना होगा। घर- घर जाकर बेटियों के महत्व के बारे में जानकारी देने के साथ ही जिले में शिक्षा, खेल, स्वरोजगार, राजनीति समेत अन्य क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली बालिकाओं, महिलाओं की सफलताओं के बारे में लोगों को जानकारी दी जाएगी। ताकि वह उनसे प्रेरणा ले सकें।
यह बात जिलाधिकारी डॉ.विजय कुमार जोगदंडे ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जिला टास्क फोर्स की बैठक में कही। बैठक में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जनपद में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने इसके लिए सफल बालिकाओं और महिलाओं की वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया के माध्यम से भी प्रचार प्रसार करने और विभिन्न माध्यमों से जन जागरूकता अभियान चलाने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्कूलों में अध्ययनरत बालिकाओं के लिए अलग से शौचालय की व्यवस्था होनी जरूरी है। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी को इसी वित्तीय वर्ष में सभी पेयजल विहीन स्कूलों में पेयजल संयोजन के लिए प्रस्ताव तैयार कर संबंधित विभाग के माध्यम से कार्य कराने के निर्देश दिए। ताकि इन स्कूलों में पूर्व में निर्मित शौचालयों में पानी की व्यवस्था हो सके। डीएम ने डीआरडीए के परियोजना निदेशक को वर्तमान वित्तीय वर्ष में मुख्यमंत्री बीएडीपी योजना में भी प्रथम चरण में क्षेत्र के 100 स्कूलों में पेयजल संयोजन का प्रस्ताव तैयार करने को कहा। उन्होंने विगत तीन वर्षों में जिले के स्कूलों में पंजीकृत बालिकाओं समेत ड्राप आउट बालिकाओं की सूची भी उपलब्ध कराने के निर्देश मुख्य शिक्षा अधिकारी को दिए। लिंगानुपात में सुधार को लेकर भी चर्चा हुई।
बैठक में सीएमओ डॉ.हरीश चंद्र पंत, सीईओ अशोक कुमार जुकरिया, परियोजना निदेशक डीआरडीए आशीष पुनेठा, बाल विकास परियोजना अधिकारी राधिका ह्यांकी, समाज कल्याण अधिकारी दलीप कुमार, बाल विकास विभाग से राजकुमार भंडारी आदि उपस्थित रहे।