पिथौरागढ़/डीडीहाट। पिथौरागढ़ जिले में एक और कोरोना संक्रमित व्यक्ति की मौत हो गई। जिले में अब तक कोरोना से 17 लोगों की मौत हो चुकी है। इधर, डीडीहाट तहसील में एक अराजयनिवेश की मौत और एक कर्मचारी के पॉजिटिव आने के बाद तहसील को 72 घंटे के लिए बंद कर दिया है।
बुधवार को एंटीजन टेस्ट में 16 कोविड के रोगी आए। सीएमओ डॉ. हरीश पंत ने बताया कि जिले में कोविड के 137 रोगियों का उपचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एक ओर कोरोना संक्रमित व्यक्ति की मौत हो गई। मंगलवार शाम पिथौरागढ़ में दो कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई थी।
डीडीहाट एसडीएम केएन गोस्वामी ने बताया कि डीडीहाट तहसील में चार दिन पहले अराजयनिवेश की कोरोना से मौत हो गई थी। इसके बाद तहसील का एक कर्मचारी कोरोना पॉजीटिव मिला था। उन्होंने बताया कि सुरक्षा को देखते हुए तहसील को 72 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है। डीडीहाट अस्पताल के डॉ. बीएस मेहरा ने बताया कि तहसील कर्मचारी, बार एसोसिएशन, अराजयनिवेश संघ सहित 50 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं।