पिथौरागढ़ के बुंगाछीना-कुसैल सड़क में सोमवार को मलबे में फंसी जीप।
- फोटो : पिथौरागढ़
रविवार की बारिश से चंडिका दरबार को जोड़ने वाली बुंगाछीना-कुसैल सड़क जगह-जगह मलबा आने से बंद हो गई है।
बुंगाछीना से कुसैल के लिए बनी 9 किमी लंबी सड़क के लिए रविवार की बारिश आफत बनकर आई है। सड़क पर कई स्थानों पर मलबा आने से सड़क बंद हो गई है। कच्ची सड़क पर जगह-जगह मलबा पटा है। कई स्थानों पर मलबा गिरने का खतरा बना हुआ है।
कई स्थानों पर जहां पर कम मलबा आया था। वाहन चालकों और यात्रियों ने मलबा हटाकर वाहन निकाले। नौ किमी के हिस्से में वाहन संचालन में भारी दिक्कत आ रही है।
सड़क के नौ किमी हिस्से में कच्ची नालियों का निर्माण किया जाना था, लेकिन कहीं पर भी नालियों का निर्माण नहीं किया गया है। निकास नाली न बनने से बरसात का पानी सड़क में बह रहा है। इससे सड़क को नुकसान पहुंच रहा है।
कई जगह सड़क पर दरारें आई हैं। जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार का कहना है कि सड़क निर्माण में मानकों का ध्यान न रखने से यह दिक्कत पैदा हुई है। लोनिवि सिंचाई खंड के सहायक अभियंता केके जोशी का कहना है कि सड़क से मलबा हटाने के लिए मजदूर लगाए गए हैं। जल्द मलबा हटा लिया जाएगा।