मदकोट के छीजाबगड़ में अवैध खनन के लिए बनी सड़क तोड़ती जेसीबी
- फोटो : अमर उजाला
छीजाबगड़ के पास गोरी से अवैध खनन के लिए बनाई गई करीब 50 मीटर सड़क को पुलिस की टीम ने जेसीबी लगाकर तोड़ दिया है। इस सड़क को एक महीने पहले एसडीएम विवेक प्रकाश ने जेसीबी लगाकर तुड़वाया था, लेकिन खनन माफिया ने फिर से नदी के तट तक जाने के लिए सड़क बना दी और धड़ल्ले से अवैध खनन चल रहा था।
मदकोट के चौकी प्रभारी प्रियांशु जोशी ने पुलिस बल के साथ मौके पर जाकर अवैध रूप से बनाई गई सड़क तुड़वा दी है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि दोबारा सड़क बनाने का प्रयास किया गया तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा। छीजाबगड़ में पर्याप्त खनन सामग्री उपलब्ध होने के कारण माफिया की नजर इस पर लगी रहती है। वह इसके लिए कोई भी कदम उठाते रहते हैं। गांव के लोगों ने पिछले साल खुद ही खनन रोकने की पहल की थी और नदी के तट तक जाने वाली सड़क को तोड़ दिया था। अवैध खनन के इस मामले में प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। जिलाधिकारी सी रविशंकर ने सख्त आदेश दिए हैं कि कहीं पर अवैध खनन न होने दिया जाए।
बताया गया कि इस काम में स्थानीय खनन माफिया शामिल हैं। छीजाबगड़ के पास हो रहे खनन का गांव के लोग विरोध कर रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि यदि नदी से इसी तरह खनन होता रहा तो नदी का प्रवाह गांव की तरफ हो जाएगा और गांव को खतरा हो जाएगा।