बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के मंगलवार को बेड़ीनाग पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने निकाय चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने निकाय चुनाव को लेकर प्रत्येक वार्ड में संयोजक, सह संयोजक और प्रभारी की नियुक्ति करने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड में पार्टी के चुनाव चिह्न पर भाजपा प्रत्याशियों को चुनाव लड़ाएगी। बाद में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मंडल अध्यक्ष और प्रभारियों के साथ बैठक की और निकाय चुनाव को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। वहां भाजपा प्रदेश मंत्री मीना गंगोला, जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी,ब्लाक प्रमुख विनीता बाफिला, भाजपा नगर मंडल इंद्र धानिक, त्रिभुवन भंडारी, खुशाल भंडारी, दर्पण कुमार, जयश्री पाठक आदि थे। संवाद
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष 11 ने पेश की दावेदारी
लोहाघाट (चंपावत)। नगर निकाय चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। क्षेत्र भ्रमण पर आए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान 11 लोगों ने लोहाघाट नगर पालिका से पालिकाध्यक्ष पद के लिए दावेदारी पेश की। इनमें पूर्व पालिकाध्यक्ष गोविंद वर्मा, पूर्व नपं अध्यक्ष लता वर्मा, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुभाष बगौली, दीपक ओली, गीता ओली, पूर्व नपं अध्यक्ष भूपाल सिंह मेहता, पूर्व नामित सभासद रेनू गड़कोटी, राज्य आंदोलनकारी राजू गड़कोटी, पूर्व सभासद नवीन नाथ गोस्वामी, मनोज कुमार और विपिन गोरखा शामिल रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष निर्मल माहरा ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से निकाय चुनाव में पार्टी का परचम लहराने के लिए एकजुट रहने की बात कही। जिलाध्यक्ष निर्मल ने कहा कि पार्टी जिसे भी प्रत्याशी बनाएगी सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर उसे जिताने के लिए तत्पर रहेंगे। वहां प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश पांडेय, मंडल अध्यक्ष सचिन जोशी, दीपक जोशी आदि थे। संवाद
लोकप्रियता देखकर उम्मीद्वार तय करेगी भाजपा : भट्ट
पिथौरागढ़। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के पिथौरागढ़ पहुंचने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी के उम्मीदवार को एकजुट होकर विजयी बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता काम करेगा पार्टी उसका सम्मान करेगी। दावेदारी प्रत्येक कार्यकर्ता कर सकता है। भाजपा लोकप्रियता को भी ध्यान में रखकर उम्मीदवार तय करेगी। वहां जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, जिपं अध्यक्ष दीपिका बोहरा, दायित्व धारी गणेश भंडारी, जिपं उपाध्यक्ष कोमल मेहता, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्र बोहरा, पूर्व विधायक चंद्रा पंत, निवर्तमान पालिकाध्यक्ष राजेंद्र रावत, जिला महामंत्री दीपक कार्की, नगर मंडल अध्यक्ष दिनेश कापड़ी आदि कार्यकर्ता थे। संवाद