पिथौरागढ़/चंपावत। सीमांत जिले पिथौरागढ़ में जिला योजना समिति के चुनाव शांति पूर्वक संपन्न हो गए हैं। इनमें भाजपा का दबदबा रहा। जिला पंचायत में 33 सदस्यों के सापेक्ष 22 सदस्यों ने मतदान किया। नगर पालिका में 20 सभासदों के सापेक्ष सभी ने मतदान किया। सभी 15 सीटों पर भाजपा के जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुए। उधर, चंपावत जिले की एकमात्र नगर निकाय सीट पर भाजपा से जुड़े बनबसा नगर पंचायत के सभासद मोहन सिंह ने जीत हासिल की। चंपावत में 16 में से 15 सीटों पर पिछले साल मार्च में ही निर्विरोध निर्वाचन हो गया था।
बुधवार को पिथौरागढ़ जिला पंचायत की 15 सीटों के लिए मतदान हुआ। कुल 18 सदस्यों ने नामांकन कराया था, जिसमें कल्याण राम, कोमल सिंह, गंगोत्री दताल, ज्योति, जीवन सिंह, दीपा देवी, दीपिका, दिवाकर सिंह रावल, नंदन सिंह, निर्मला महर, पल्लवी, महेश राम, राजेंद्र सिंह, विनीता चुफाल, सोनी देवी ने जीत दर्ज की। जिला पंचायत सदस्य अंजू लुंठी, अंजली कोहली, बंशीधर भट्ट को हार का सामना करना पड़ा।
नगर पालिका पिथौरागढ़ की दो सीटों के लिए आठ सभासदों ने नामांकन कराया। इसमें रवींद्र सिंह बिष्ट और अनिल कुमार जोशी ने जीत दर्ज की। नगर पालिका के सभी 20 सभासदों ने मतदान किया। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ.आशीष चौहान ने जिला पंचायत पिथौरागढ़ के लिए मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विद्यासागर कापड़ी को मतदान अधिकारी प्रथम, जिला पंचायती राज अधिकारी हरीश आर्या को मतदान अधिकारी द्वितीय और मुख्य उद्यान अधिकारी आरएस वर्मा को चुनाव अधिकारी तृतीय बनाया है। नगर पालिका परिषद के लिए ईई लघु सिंचाई विभाग अभिषेक खोलिया को मतदान अधिकारी प्रथम, जिला क्रीड़ा अधिकारी संजीव पौरी मतदान अधिकारी द्वितीय और दुग्ध निरीक्षक डेयर विकास विभाग गजेंद्र सिंह को मतदान अधिकारी तृतीय बनाया गया है। डीपीसी चुनाव कराने के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोहरा ने सीएम का आभार प्रकट किया है। उन्होंने बताया कि सभी 15 सीटों पर भाजपा के जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुए। चंपावत जिले में 16 में से 15 सीटों में पिछले साल मार्च में ही निर्विरोध निर्वाचन हो गया था। डीपीसी में जिला पंचायत से 13 और नगर निकायों से 3 सीटें हैं। जिला पंचायत की 13 सीटों के लिए उपाध्यक्ष ललित मोहन कुंवर, जिला पंचायत सदस्य किरन देवी, दीपा जोशी, प्रीति पाठक, पुष्कर कापड़ी, प्रहलाद सिंह, रेखा गोस्वामी, विजय बोहरा, सरिता बोहरा, सीमा, सुरेंद्र सिंह, संगीता और हरीश राम के अलावा टनकपुर नगर पालिका परिषद सीट से कपिल उप्रेती और चंपावत पालिका सीट से रोहित बिष्ट निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे। बृहस्पतिवार को जिले की एकमात्र नगर निकाय सीट पर भाजपा से जुड़े बनबसा नगर पंचायत के सभासद मोहन सिंह ने जीत हासिल की। उन्होंने लोहाघाट के सभासद भुवन बहादुर को हराया। बनबसा और लोहाघाट नगर पंचायत के सभी मतदाताओं ने वोट दिया। नतीजे की घोषणा निर्वाचन अधिकारी आरएस सामंत ने विजयी प्रत्याशी को प्रमाणपत्र दिया।
जिपं सदस्य मर्तोलिया ने नहीं लिया चुनाव में भाग
पिथौरागढ़। जिला योजन समिति (डीपीसी) के चुनाव में जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया ने भाग नहीं लिया। मर्तोलिया ने डीपीसी के सदस्यों के लिए मतदान में भाग नहीं लेकर नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। अपनी पारिवारिक परिस्थिति के कारण मर्तोलिया एक साल से सक्रिय नहीं चल रहे हैं। चर्चा है कि मर्तोलिया जल्द ही इस पद से त्याग पत्र देने वाले हैं।
सदस्यों का इंतजार करते रहे मतदान कर्मी
पिथौरागढ़। डीपीसी चुनाव के लिए नगर पालिका और जिला पंचायत के लिए चुनाव कराने वाले मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय, तृतीय इंतजार करते रहे। वोटिंग करने के लिए दोनों मतदान स्थलों में अधिकारी जिला पंचायत सदस्य और नगर पालिका सभासदों का इंतजार करते रहे।
जिला पंचायत में मनायी खुशी
पिथौरागढ़। जिला पंचायत में जिला योजना समिति के चुनावों में भाजपा की जीत पर खुशी मनाई गई। जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोहरा और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विरेंद्र सिंह बोहरा सहित सभी विजेता सदस्यों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोहरा ने मुख्यमंत्री का आभार जताया।