पिथौरागढ़। धारचूला विधानसभा कांग्रेस का गढ़ मानी जाती है। यहां से कांग्रेस विधायक लगातार तीन बार विधायक चुने गए हैं। इसी विधानसभा में वर्ष 2014 के उप चुनाव में जीत दर्ज कर हरीश रावत प्रदेश के सीएम बने थे। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस इस सीट पर अपनी साख नहीं बचा पाई है जबकि इस विधानसभा से विधायक हरीश धामी दबंग और काफी लोकप्रिय माने जाते हैं। पिथौरागढ़ विधानसभा से कांग्रेस के विधायक मयूख महर भी बेहतर प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। उनकी विधानसभा में कांग्रेस को बहुत बड़ी हार मिली है जबकि उन्होंने भी वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन किया था।
चीन और नेपाल सीमा से लगी धारचूला विधानसभा सामरिक, पर्यटन और ऐतिहासिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है। धारचूला विधानसभा में इस बार के लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी अजय टम्टा को 26,512 मत तो कांग्रेस को 13,415 मत मिले हैं। इस सीट पर कांग्रेस 13,097 मतों से पीछे रही है जबकि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को इस सीट से 27,888 मत मिले थे और कांग्रेस प्रत्याशी को 15,622 मत मिले थे। भाजपा को यहां 12,266 मत मिले थे।
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस विधायक हरीश धामी 27,007 मत मिले जबकि भाजपा प्रत्याशी धन सिंह धामी को 25,889 मत मिले थे। इस चुनाव में हरीश धामी ने भाजपा को 1118 मतों से हराकर तीसरी बार विधायक बने थे। पिथौरागढ़ विधानसभा से 2019 लोकसभा चुनाव में भाजपा को 36,515 मत मिले। जबकि कांग्रेस को 17,433 मत मिले थे। इस चुनाव में भाजपा को 19,082 मत अधिक मिले थे।
वर्ष 2022 के विस चुनाव में कांग्रेस ने यहां फिर बेहतर प्रदर्शन किया था इस चुनाव में कांग्रेस को 47.48 प्रतिशत मत के साथ 33,269 मत मिले थे जबकि भाजपा को 38.84 प्रतिशत मतों के साथ 27,215 मत मिले थे। धारचूला और पिथौरागढ़ विधानसभा चुनाव में विधानसभा चुनाव में शानदार जीत के बाद कांग्रेस को दोनों विधानसभाओं में बेहतर करने की उम्मीद थी, लेकिन कांग्रेस दोनों ही विधानसभा में बेहतर नहीं कर पाई। संवाद
मयूख बोले अल्मोड़ा संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी थे उदासीन
पिथौरागढ़। कांग्रेस विधायक मयूख महर का कहना है कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से पिथौरागढ़ विधानसभा से कांग्रेस को इतने मत मिल पाए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 के चुनाव में लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी पिथौरागढ़ विधानसभा में नहीं आए थे। इस लोकसभा चुनाव में भी उन्होंने अच्छे से मीटिंग अटेंड नही की।
- मयूख महर कांग्रेस विधायक पिथौरागढ़।
हरीश धामी बोले हम मजबूती से लड़े
पिथौरागढ़। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस लोकसभा चुनाव में काफी मेहनत की है। प्रधानमंत्री ने खुद उनकी विधानसभा के आदि कैलाश और गुंजी से शंखनाद किया था। कम मत आने का ये कारण है। हम पूरी मजबूती से लड़े हैं आगे भी लड़ते रहेंगे। संवाद
- हरीश धामी, कांग्रेस विधायक धारचूला।