पिथौरागढ़। भड़गांव जिला पंचायत सीट पर भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी की चुनाव मैदान में वापसी हुई है। हाईकोर्ट के आदेश पर निर्वाचन अधिकारी ने उन्हें चुनाव चिह्न आवंटित किया। अब इस सीट पर भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी के बीच मुकाबला होगा।
भड़गांव जिला पंचायत सीट पर भाजपा, कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशियों के साथ ही एक निर्दलीय प्रत्याशी ने पर्चा भरा था। कानूनी कार्रवाई का उल्लेख न होने पर निर्वाचन अधिकारी ने जांच में भाजपा और कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशियों का नामांकन निरस्त कर दिया। ऐसे में मैदान में डटे तीसरे निर्दलीय प्रत्याशी का निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा था। नामांकन रद्द होने से भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी नरेंद्र देउपा ने फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी तो निर्णय उसके पक्ष में आया।
हाईकोर्ट ने भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी को चुनाव लड़ने के योग्य बताते हुए इन्हें चुनाव में शामिल करने के निर्देश निर्वाचन आयोग को दिए। शनिवार को आदेश मिलते ही निर्वाचन अधिकारी ने भाजपा प्रत्याशी को चुनाव चिह्न आवंटित किया। प्रत्याशी सुरेंद्र अपने समर्थकों के साथ चुनाव चिह्न लेने जिला पंचायत कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि वह पूरी ताकत से चुनाव लड़ेंगे। अब इस सीट पर भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी के बीच मुकाबला होगा। निर्वाचन अधिकारी डॉ. योगेश शर्मा ने कहा कि न्यायालय के आदेश के बाद संबंधित प्रत्याशी को चुनाव चिह्न आवंटित कर दिया है। संवाद