पिथौरागढ़। केएनयू जीआईसी के खेल मैदान में शनिवार को स्व. प्रकाश पंत मेमोरियल टी-10 क्रिकेट प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। भव्य इलेवन और बिंदास बॉयज ने अपने-अपने मैच जीत कर फाइनल में प्रवेश किया।
पहला सेमीफाइनल मुकाबला भव्य इलेवन और पांडे पैंथर के बीच खेला गया। भव्य इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 115 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पांडे पैंथर की पूरी टीम 96 रन ही बना सकी। दूसरा सेमीफाइनल बिंदास बॉयज धारचूला और बलिदान इलेवन के बीच हुआ।
बिंदास बॉयज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 128 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाब में बलिदान इलेवन की टीम 91 रन ही बना सकी। ऐसे में बिंदास ब्वायज ने 37 रन से मुकाबला जीत लिया। अब रविवार को भव्य इलेवन और बिंदास बॉयज के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। मैच का आनंद लेने दर्शकों की काफी भीड़ उमड़ रही है।