पिथौरागढ़। सीमांत जिले में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पहले मोटर पुल का निर्माण मई में पूरा हो जाएगा। पुल का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यहां एसएसबी, आईटीबीपी और कस्टम विभाग की चेक पोस्ट स्थापित की जाएंगी। यह बात डीएम आशीष भटगाईं ने कही।
डीएम ने धारचूला के छारछुम में काली नदी पर बने भारत-नेपाल मैत्री पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़े इस महत्वपूर्ण पुल पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रहेगी। उन्होंने संबंधित विभागों को पुल के पास साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और निगरानी प्रणाली को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने पुल पर तैनात सुरक्षा कर्मियों से संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली के साथ ही आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता की जानकारी ली।
डीएम ने कहा कि सीमा क्षेत्र होने के कारण यहां विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि 32.98 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन पुल पर नेपाल की ओर एप्रोच मार्ग का कार्य भी लगभग पूरा हो गया है। शेष कार्य मई तक पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने एसएसबी, आईटीबीपी और कस्टम विभाग के चेक पोस्ट स्थापित करने के लिए उपयुक्त स्थानों पर चर्चा भी की।
बता दें कि छारछुम में काली नदी पर बन रहे अंतरराष्ट्रीय मोटर पुल के बनने के बाद दोनों देशों के बीच आवाजाही सुगम होने के साथ कारोबार भी बढ़ेगा। साथ ही रोटी-बेटी के रिश्ते और भी मजबूत होंगे।