बेड़ीनाग नगर पंचायत में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट।
- फोटो : PITHORAGARH
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। नगर पंचायत क्षेत्र बेड़ीनाग में लगे स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी हैं। इससे रात में आनेजाने में परेशानी हो रही है। स्ट्रीट लाइट नहीं बदलने पर सभासदों ने सवाल खड़े किए हैं।
नगर पंचायत की ओर से लगाई गई स्ट्रीट लाइटें खराब होने के बाद भी नहीं बदलने से सभासदों में आक्रोश है। सभासद बलवंत धानिक ने बताया कि नगर पंचायत में कई स्ट्रीट लाइटें खराब हो चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि जब स्ट्रीट लाइटें लगाई गई तो सभासदों की राय तक नहीं ली गई। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत के अधिकारियों से कई बार स्ट्रीट लाइटों की गुणवत्ता को लेकर लिखित और मौखिक रूप में अवगत कराया गया, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। स्ट्रीट लाइटें खराब होने से बारिश में रात के समय लोगों का चलना मुश्किल जो जाता है।
अंधेरा होने के कारण तेंदुए का भय भी बना रहता है। उन्होंने शीघ्र स्ट्रीट लाइट लगाने और पूर्व में खरीदी गई लाइटों की जांच नहीं होने पर नगर पंचायत कार्यालय में तालाबंदी कर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी प्रवीण सक्सेना ने बताया कि स्ट्रीट लाइटें कंपनी द्वारा लगाई गई हैं। कुछ लाइटें पिछले दिनों वज्रपात के कारण खराब हो गई थी। जिन्हें ठीक करने के साथ ही नई स्ट्रीट लाइटें भी लगाने का प्रस्ताव बनाया गया है।