फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pithoragarh News: बसंती देवी का गायब हुआ फोन बना पुलिस के लिए रहस्य

Mon, 10 Nov 2025 10:45 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
नाचनी (पिथौरागढ़)। क्षेत्र के बोरागांव में आंगन में मृत मिली बसंती देवी की मौत के मामले में पुलिस अब भी उलझी हुई है। उसका गायब फोन रहस्य बन गया है। तकनीकी युग में भी फोन का पता लगाने में पुलिस के पसीने छूट रहे हैं। घटनास्थल से मृतका का फोन न मिलना, घर के भीतर खुला बक्सा और अस्त-व्यस्त पड़ा सामान किसी को भी वन्यजीव के हमले में उसकी मौत की बातों पर यकीन नहीं करने दे रहा है। पुलिस भी जांच और पूछताछ की बातों से आगे नहीं बढ़ सकी है।
विज्ञापन

दरअसल, बीते दो नवंबर को बोरागांव निवासी 42 वर्षीय बसंती देवी अपने घर के आंगन में मृत मिली थीं। तब वन विभाग ने उसकी मौत का कारण वन्यजीव का हमला बताया था। परिजनों और ग्रामीणों ने इस बात को नकारते हुए उसकी हत्या की आशंका जताई। आंगन में मृत मिली महिला का फोन गायब होने और घर के भीतर रखा सामान बिखरा मिलने से इस आशंका को बल मिला। परिजनों और ग्रामीणों के साथ विभिन्न संगठनों की मांग पर पुलिस ने महिला की हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
इतने दिन बीतने के बाद भी मामले में पुलिस के हाथ अब तक कोई ठोस सुराग नहीं लग सका है। महिला के गायब हुए मोबाइल के बारे में भी पुलिस कुछ पता नहीं लगा सकी है। अब पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। अब तक जांच में कोई भी तथ्य सामने न आने पर लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाने लगे हैं। बीते रविवार को सीओ केएस रावत ने टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया लेकिन नतीजा शून्य रहा।
विज्ञापन

एसआईटी जांच की उठ रही मांग
मुनस्यारी। मुनस्यारी बचाओ संघर्ष समिति ने थाना नाचनी क्षेत्र के बोरा गांव निवासी बसंती देवी की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित करने की मांग करते हुए डीएम और एसपी को पत्र भेजा है। साथ ही चार दिन के भीतर एसआईटी का गठन न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है। समिति के संयोजक एवं पूर्व जिपं सदस्य जगत मर्तोलिया ने ई-मेल के माध्यम से भेजे ज्ञापन में कहा है कि बसंती देवी का शव संदिग्ध हालात में उनके घर के आंगन में मिला। घटना के पांच दिन बाद पुलिस ने केस दर्ज किया। मृतका के घर में चोरी की वारदात भी हुई थी। इस घटना का खुलासा करने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है। ऐसे में एसआईटी का गठन जरूरी है।
कोट
मामले की जांच चल रही है। घटना के संबंध में कुछ लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस इस घटना के रहस्य से पर्दा उठाने के लिए गंभीरता से प्रयास कर रही है। - केएस रावत, सीओ, डीडीहाट
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें