पिथौरागढ़। मुनस्यारी के पास हिमालय की तलहटी पर बड़ी संख्या में वन्यजीव नजर आने लगे हैं। इनमें काकड़ (बार्किंग डियर) की संख्या अधिक है। इन्हें देख वन्यजीव प्रेमियों में खुशी की लहर है, लेकिन वन्यजीवों के शिकार का खतरा भी चिंता बढ़ा रहा है।
मुनस्यारी की तलहटियों में काकड़, घुरड़, भरल अधिक संख्या में दिख रहे हैं। वे भोजन और पानी की तलाश में तलहटियों का रुख कर रहे हैं। मोनाल संस्था के सचिव सुरेंद्र पंवार ने बताया कि मुनस्यारी क्षेत्र में अमूमन काकड़ 2500 मीटर तक की ऊंचाई पर रहते हैं। तलहटियों में पहले दो-चार काकड़ ही दिखते थे लेकिन अब काकड़ के झुंड दिखाई दे रहे हैं।
कम बर्फबारी के कारण किया तलहटियों का रुख
पिथौरागढ़। मोनाल संस्था के सचिव सुरेंद्र पंवार ने बताया कि वन्यजीव भोजन और पानी की तलाश में तलहटियों का रुख करते हैं। काकड़ बेहद खूबसूरत और शर्मीला प्राणी होता है। हल्की आवाज होने पर भी यह जंगलों में छुप जाता है। इसके सिर पर छोटे सींग होते हैं। जो किसी ताज की तरह नजर आते हैं। यह काफी शोर मचाता है।
पर्यटन को मिल सकती है संजीवनी
पिथौरागढ़। मुनस्यारी की तलहटियों में पहुंचे वन्यजीवों से पर्यटन को संजीवनी मिलने की उम्मीद है। क्षेत्र में देश-विदेश से पर्यटक यहां की वादियों में घूमने आते हैं। ऐसे में इन वन्यजीवों को अधिक संख्या में देखकर पर्यटन कारोबार को भी गति मिल सकती है। इनकी सुरक्षा के लिए वनकर्मियों समेत स्थानीय लोगों को भी सावधानी बढ़ा देनी चाहिए।