डीडीहाट (पिथौरागढ़)। फर्जी दस्तावेज तैयार कर किसान क्रेडिट कार्ड से 25 लाख रुपये का फर्जी लोन कराने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
कोतवाली डीडीहाट पुलिस में भारतीय स्टेट बैंक शाखा घोरपट्टा और भारतीय स्टेट बैंक शाखा डीडीहाट के ब्रांच मैनेजर ने फर्जी दस्तावेजों से लोन लेने की शिकायत की थी। तहरीर में कहा गया था कि वर्ष 2015-2016 में उनके बैंकों से कुल 25 व्यक्तियों के फर्जी दस्तावेज तैयार कर किसान क्रेडिट कार्ड से अलग-अलग कुल 25 लाख रुपये का फर्जी लोन लिया गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने कोतवाली डीडीहाट में आईपीसी की धारा 420/468/471 में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने जांच के बाद फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लोन लेने के आरोपी बुंगा निवासी आरोपी दीपक सिंह को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में एसआई बसंत टम्टा, कांस्टेबल अमित कुमार, चंदन सिंह, प्रमोद कुमार शामिल रहे।