गणाईगंगोली (पिथौरागढ़)। राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज गंगोली के भवन के लिए नाबार्ड से 1497.82 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। इसमें से प्रथम किस्त के रूप में 554.199 लाख रुपये की शासन से वित्तीय स्वीकृति मिल गई है।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने विधायकों को प्रत्येक विधानसभा से 10 महत्वपूर्ण प्रस्ताव मांगें थे। उसी के तहत गंगोलीहाट विधायक फकीर राम टम्टा ने गणाई स्थित पॉलीटेक्निक को हाईटेक कॉलेज के रूप में स्थापित करने का प्रस्ताव भेजा था। इसमें दो नए ट्रेड इलेक्ट्रिकल और सिविल इंजीनियरिंग की स्वीकृति मिली है।
भवन के अभाव में इन ट्रेड का संचालन नहीं हो पा रहा था। अब भवन निर्माण की स्वीकृति मिलने से यहां नए ट्रेड का संचालन हो सकेगा। इससे यहां के छात्र-छात्राओं को इन ट्रेड के लिए अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। बता दें कि अभी काॅलेज में मैकेनिकल और आईटी ट्रेड संचालित हो रहे हैं। इनमें 120 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं।