पिथौरागढ़। नए साल में प्रदेश में उड़ान योजना के तहत हेली सेवा शुरू करने की कवायद तेज हो गई है। जरूरत पड़ने पर पिथौरागढ़ से विमान के साथ-साथ हेली सेवा का संचालन भी नैनीसैनी हवाई पट्टी से ही किया जाएगा।
प्रदेश में केवल देहरादून के जौलीग्रांट, नैनीताल के पंतनगर, पिथौरागढ़ के नैनीसैनी और चमोली के गौचर में हवाई पट्टी हैं। इनमें से देहरादून, पंतनगर और जौलीग्रांट हवाई पट्टी से ही विमान सेवाएं संचालित हो रही हैं। गौचर के अलावा जिन अन्य जिलों में हवाई पट्टी नहीं हैं उन क्षेत्रों से हेलीकाप्टर से हवाई सेवा का संचालन करने की सरकार की योजना है। उड़ान योजना के तहत प्रदेश में कुल 16 स्थानों पर हेली सेवाओं का संचालन किया जाना है।
शुरुआत गौचर और चिन्यालीसौड़ के बीच हेली सेवा से होगी। इसके साथ ही गौचर से जोशीमठ और श्रीनगर के लिए भी हवाई सेवा प्रस्तावित की गई है। प्रदेश सरकार ने सभी जिलों के प्रशासन को हेली सेवाओं के संचालन के लिए जरूरी व्यवस्थाएं देखने के निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत बृहस्पतिवार को उपजिलाधिकारी एवं एयरपोर्ट मैनेजर तुषार सैनी ने नैनीसैनी हवाई पट्टी पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उपजिलाधिकारी ने बताया कि पिथौरागढ़ की हवाई पट्टी नैनीसैनी से देहरादून और हिंडन के लिए विमान सेवा संचालित की जा रही है। इस हवाई पट्टी में हेलीकॉप्टर से यात्रा संचालन की भी पूरी व्यवस्थाएं हैं। भविष्य में यदि पिथौरागढ़ से विमान के साथ ही किसी क्षेत्र के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होती है तो उसके लिए अलग से हेलीपैड बनाने की जरूरत नहीं है। नैनीसैनी हवाई पट्टी से ही हेलीकॉप्टर का संचालन भी होगा। व्यवस्थाओं की रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जा रही है।
आज भी हेली से करेंगे यात्री सफर
पिथौरागढ़। हेरिटेज एविएशन के विमान में तकनीकी खामी को दूर कर दिया गया है। नौ सीटर विमान को दिल्ली भेजा गया है। अब डीजीसीए की अनुमति मिलने के बाद विमान का संचालन होगा। बृहस्पतिवार को साप्ताहिक अवकाश होने से नैनीसैनी से देहरादून के लिए हवाई सेवा बंद रही। शुक्रवार को हेरिटेज के हेलीकॉप्टर से यात्रियों को नैनीसैनी से देहरादून के लिए सेवा दी जाएगी। एयरपोर्ट मैनेजर तुषार सैनी ने बताया कि जब तक विमान नहीं आता हेली सेवा जारी रहेगी।