मूनाकोट ब्लाक में ग्राम प्रधानों के समर्थन में तालाबंदी करते ग्राम प्रधान।
- फोटो : PITHORAGARH
मूनाकोट (पिथौरागढ़)। मूनाकोट विकासखंड के ग्राम प्रधानों ने मनरेगा कर्मियों के समर्थन में ब्लॉक मुख्यालय में तालाबंदी की। उन्होंने शीघ्र मनरेगा कर्मियों की मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। उन्होंने बीडीओ के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भी भेजा।
लछैर के ग्राम प्रधान कुंडल महर के नेतृत्व में सोमवार को कई ग्राम प्रधान विकासखंड कार्यालय में एकत्र हुए। उन्होंने यहां मनरेगा कर्मियों के समर्थन में नारे लगाते हुए विकासखंड कार्यालय में तालाबंदी की। उन्होंने कहा कि पिछले 21 दिनों से मनरेगा कर्मी अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
इसके बाद भी सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने कहा कि मनरेगा कर्मियों की हड़ताल के कारण ग्राम पंचायतों में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर मनरेगा कर्मियों की मांग को पूरा नहीं किया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान बीसाबजेड़ की ग्राम प्रधान सरोज चंद, पनखोली ग्राम प्रधान नवीन कापड़ी, सातशिलिंग ग्राम प्रधान निशा खड़ायत, उर्ग के नीलांबर जोशी आदि रहे।