नारायण नगर महाविद्यालय डीडीहाट।
- फोटो : PITHORAGARH
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। संत नारायण स्वामी राजकीय पीजी कॉलेज नारायणनगर में इस साल 50 से अधिक विद्यार्थी स्नातक की कक्षाओं में प्रवेश लेने से बंचित रह गए।
ऑनलाइन प्रवेश के माध्यम से इस बार पीजी कॉलेज में बच्चों को स्नातक में प्रवेश लेना था। साइट के बंद होने और जानकारी के अभाव में कई विद्यार्थी कॉलेज में प्रवेश नहीं ले पाए।
वर्ष 1947 में स्थापित इस कॉलेज में इस बार छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन प्रवेश लेना था। कई दिनों तक कॉलेज की ऑनलाइन साइट बंद रही। इससे कई विद्यार्थियों को प्रवेश नहीं मिल पाया। दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों को ऑनलाइन प्रवेश की जानकारी न होने के कारण वह प्रवेश लेने से वंचित रह गए।
छात्र नेता अजय अवस्थी का कहना है कि उच्च शिक्षा के नाम पर बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। 50 से अधिक विद्यार्थी स्नातक में प्रवेश लेने से वंचित हैं। कॉलेज में स्नातक स्तर पर कई अध्यापकों के पद खाली हैं।
सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन है कि एक प्राध्यापक पर सिर्फ 80 विद्यार्थियों को ही प्रवेश दिया जाए। अन्य विषयों में तो प्राध्यापक हैं, जिस कारण विद्यार्थियों को प्रवेश मिल गया है। हिंदी और राजनीतिविज्ञान के एक-एक प्राध्यापक हैं, जिस कारण इन दो विषयों में सिर्फ 80 छात्रा-छात्राओं को प्रवेश दिया गया है। जो विद्यार्थी प्रवेश से वंचित रह गए हैं उन्हें ऑफलाइन प्रवेश देने के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर बात की जा रही है।
- प्रमोद कोठारी, प्रभारी प्राचार्य महाविद्यालय, नारायणनगर।