डीडीहाट जिले की मांग को लेकर प्रदर्शन करते आंदोलनकारी।
- फोटो : PITHORAGARH
डीडीहाट(पिथौरागढ़)। डीडीहाट जिले की मांग को लेकर अब भाजपा की छात्र इकाई के पदाधिकारी भी आमरण अनशन में बैठ कर सरकार से डीडीहाट को शीघ्र जिला बनाने की मांग कर रहे हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला सह संयोजक पंकज खड़ायत ने आमरण अनशन शुरू कर दिया है।
सात दिनों से आमरण अनशन पर बैठे गणेश कन्याल के खराब स्वास्थ्य को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन की टीम ने शुक्रवार की रात करीब सवा आठ बजे पर उन्हें अस्पताल पहुंचा दिया है। गणेश के आमरण अनशन स्थल को छोड़ते ही भाजपा की छात्र इकाई अभाविप के जिला सह संयोजक पंकज खड़ायत ने गोप्स खड़ायत के साथ जिला बनाने की मांग को लेकर आमरण अनशन शुरू कर दिया है। डीडीहाट जिला बनाने की मांग को लेकर देहरादून गए शिष्टमंडल के सदस्यों ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के आवास पर जाकर डीडीहाट जिले के लिए समर्थन मांगा। देहरादून गए जिला बनाओ संघर्ष समिति के संयोजक लवि कफलिया ने बताया कि गणेश जोशी मूल रूप से डीडीहाट के हुनेरा ग्राम सभा के रहने वाले हैं। वर्तमान में वह मंसूरी से विधायक और कैबिनेट मंत्री हैं।