धारचूला में काली नदी पर बनाया गया अस्थायी पुल
- फोटो : अमर उजाला
उच्च हिमालयी क्षेत्र व्यास घाटी में आवाजाही के लिए भारत-नेपाल सीमा पर काली नदी में एक पुल बनकर तैयार हो गया है। इससे व्यास घाटी और नेपाल के बीच सीधा संपर्क जुड़ गया है। बुधवार से इस पुल से आवाजाही शुरू हो जाएगी।
सीमा सड़क संगठन दूसरे पुल का भी तेजी से निर्माण कर रहा है। व्यास घाटी में घटियाबगड़ से चीन सीमा पर लिपुलेख तक सड़क निर्माण का काम चल रहा है। फरवरी में भारी भूस्खलन के चलते निर्माणाधीन सड़क और पैदल रास्ता ध्वस्त हो गया। भूस्खलन इस कदर भारी है कि अभी तक पैदल मार्ग बनाने की सोची ही नहीं जा सकती। इसे देखते हुए नेपाल सीमा पर लखनपुर और नजंग में दो अस्थायी पुल बनाने की योजना बनाई गई थी। नेपाल सरकार के लंबे गतिरोध के चलते योजना लटकी रही।
पिछले दिनों नेपाल सरकार की मंजूरी के बाद लखनपुर और नजंग में पुल निर्माण का काम शुरू हुआ। अब नदी पर एक पुल बनकर तैयार हो गया है। सीमा सड़क संगठन ने बताया कि लखनपुर में 40 मीटर लंबे स्पान पुल का निर्माण पूरा हो गया है। इसे बुधवार से आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा। नजंग में 60 मीटर लंबे स्पान पुल का निर्माण चल रहा है। मार्ग बनने से व्यास घाटी से माइग्र्रेशन पर जाने वालों को लाभ होगा। साथ ही भारत-चीन कारोबार के रास्ते भी खुलेंगे।