मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। बेड़ूमहर, अठखेत और महर गांव के 251 परिवारों को अलखनाथ पूजा के लिए मिले अतिरिक्त राशन की बंदरबांट शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री हरीश रावत ने तीन दिसंबर को सैंणरांथी में अलखनाथ मंदिर में पूजा के बाद यह ऐलान किया था कि अन्य गांवों में होने वाली अलखनाथ पूजा के लिए 60 क्विंटल चावल और 35 क्विंटल गेहूं सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान से आवंटित किया जाएगा।
अतिरिक्त राशन मिलने के बाद गांव के लोगों ने एक वितरण समिति बनाई और हर परिवार को 14 किलोग्राम गेहूं और 24 किलोग्राम चावल उपलब्ध कराने का फैसला लिया। राशन वितरण से पहले ही इसकी बंदरबांट शुरू हो गई। कुछ लोगों को ज्यादा राशन दे दिया गया। जबकि कुछ को एक भी दाना नहीं मिला है। भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रवक्ता जगत मर्तोलिया ने बताया कि राशन पर कुछ कांग्रेसियों ने कब्जा कर लिया है और मुख्यमंत्री की ओर से प्रदान किए गए इस राशन को आम लोगों तक पहुंचाने में बाधा खड़ी की जा रही है। श्री मर्तोलिया ने इस मामले की जानकारी उपजिलाधिकारी एके शुक्ला को दी। एसडीएम का कहना है कि उनकी जानकारी में ऐसा कोई मामला नहीं आया है। यदि राशन वितरण में कोई गड़बड़ी होगी तो उसकी जांच की जाएगी।
इधर, श्री मर्तोलिया ने कहा है कि राशन वितरण में हो रही गड़बड़ी के खिलाफ बेड़ूमहर, अठखेत और महर गांव के लोग 16 दिसंबर को जिलाधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि इस तरह की मनमानी किसी भी दशा में नहीं होने दी जाएगी।