पिथौरागढ़। बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों को लेकर डीएम रीना जोशी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने विभाग को परीक्षा शांति पूर्व संपन्न कराने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को गंगोत्री गर्ब्याल जीजीआईसी में हुई बैठक की अध्यक्षता डीएम रीना जोशी ने की। मुख्य शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार जुकरिया ने बताया कि बोर्ड परीक्षा के लिए जिले कुल 85 परीक्षा केंद्र हैं। सभी परीक्षा केंद्र मिश्रित हैं। इसमें हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों की परीक्षाएं संपन्न कराई जाएंगी।
इस बार चार नए राइंका नमजला, राइंका चौकोड़ी, राइंका दिगतोली और राइंका लुमती शामिल किए गए हैं। उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षा 9858 बच्चे देगें। इनमें हाईस्कूल के 5231 बच्चे और इंटरमीडिएट के 4627 बच्चे शामिल हैं। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक हवलदार प्रसाद सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। संवाद
हाईस्कूल में 2995 छात्र-छात्राएं देंगी बोर्ड परीक्षा
चंपावत। 27 फरवरी से 16 मार्च तक चलने वाली उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा को लेकर डीएम नवनीत पांडे ने जिला सभागार में शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए। डीएम ने बोर्ड परीक्षा को संपन्न कराने में नियुक्त अधिकारियों को परीक्षा के सफल संचालन के लिए सौंपे गए दायित्वों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए। इस दौरान डीएम ने शत प्रतिशत मतदान के लिए मतदाता जागरूकता की शपथ भी दिलाई।
सीईओ मेहरबान सिंह बिष्ट ने बताया कि बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में कुल 76 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें हाईस्कूल के 39, इंटरमीडिएट के 37 परीक्षा केंद्र हैं। हाईस्कूल में कुल 2995 छात्र-छात्राएं है, जिनमें 1520 बालक, 1461 बालिकाएं संस्थागत और सात बालक, सात बालिकाएं व्यक्तिगत तौर पर परीक्षा देंगे। इसी तरह इंटरमीडिएट में 2997 छात्र-छात्राएं हैं इनमें 1125 बालक, 1221 बालिकाएं संस्थागत और 29 बालक, 22 बालिकाएं व्यक्तिगत परीक्षा देंगे।
परीक्षा के लिए जिले में बनाए गए 10 सेक्टरों में सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्ति कर दिए हैं। सचल दल की तीन टीमें गठित की गई हैं। 11 परीक्षा केंद्रों को संवेदनशील सूची में डाला गया है। बैठक में सीओ विपिन चंद पंत, एसडीएम रिंकू बिष्ट, बीईओ भरत जोशी, भानु प्रताप कुशवाहा, सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।