पिथौरागढ़। मुनस्यारी तहसील के नया बस्ती में अपात्र लोगों को भूमि का पट्टा दिए जाने के मामले की प्रदेश के कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
बताया गया है कि विधानसभा चुनाव से पूर्व 68 लोगों को भूमिहीन, आपदा प्रभावित और गरीब बताकर जमीन के पट्टे आवंटित कर दिए गए। भाजपा का मानना है कि जमीन के यह पट्टे गलत तरीके से आवंटित किए गए हैं।
भाजपा नेता जगत मर्तोलिया ने पिछले दिनों इस मामले पर प्रदेश के कृषि मंत्री को पत्र लिखा था। कृषि मंत्री ने पत्र का संज्ञान लेते हुए डीएम को आदेश दिया है कि अपात्र लोगों को जमीन के पट्टे दिए जाने की उच्च स्तरीय जांच कराकर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।
भाजपा नेता ने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि कुछ बड़े लोगों की मिलीभगत से अपात्र लोगों को तो जमीन का पट्टा जारी कर दिया गया, लेकिन नया बस्ती में वर्षों से निवास कर रहे लोगों को पट्टा देने से वंचित कर दिया गया। बता दें कि कृषि मंत्री ने बीती 20 नवंबर को जांच का आदेश जारी किया था, लेकिन अभी जांच शुरू नहीं हो पाई है।