गंगोलीहाट/पिथौरागढ़। रविवार से शुरू हो रहे नवरात्र के मद्देनजर देवी मंदिरों को सजाने का काम किया जा रहा है। गंगोलीहाट के हाट कालिका दरबार को भव्य तरीके से सजाया गया है। मंदिर के पुजारी समुदाय रावल उपजाति के युवाओं ने महाकाली मंदिर के साथ ही परिसर के शिव मंदिर, हनुमान मंदिर, यज्ञ मंडप को फूल मालाओं से सजाया है।
युवा पिछले दो दिन से मंदिर को सजाने-संवारने का काम कर रहे थे। गंगोलीहाट के चामुंडा मंदिर, अंबिका मंदिर, वैष्णवी मंदिर को भी नवरात्र के लिए सजाया जा रहा है। जिला मुख्यालय के उल्का देवी, कामाख्या देवी, कौशल्या देवी, गुरना देवी, कनालीछीना के मां जयंती दरबार, बेड़ीनाग के कोटगाड़ी मंदिर, त्रिपुरासुंदरी के साथ ही सभी देवी मंदिरों को सजाया जा रहा है।
नवरात्र पर मंदिरों में विशेष पूजा, अर्चना की होती और रात-दिन भजन, कीर्तनों का दौर चलता है। अष्टमी के दिन गंगोलीहाट के हाट कालिका मंदिर में भारी संख्या में लोग जुटते हैं। बाजार में मेला लगता है। नवमी के दिन देवी मंदिरों में कन्या पूजन के साथ भंडारा होता है।